खानपुर क्षेत्र के लंढौरा के पास गांव थिथोल्ला स्थित परिवहन विभाग उत्तराखंड के फिटनेस सेंटर पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगे हैं। वाहन स्वामियों का कहना है कि जहां छोटे वाहनों की फिटनेस की निर्धारित फीस 16 सौ रुपये है। वहीं उनसे 5 हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जिससे सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यह अवैध वसूली लंबे समय से जारी है। आरोप है कि खासतौर पर उत्तराखंड से बाहर के वाहनों से खुलेआम ज्यादा रकम ली जाती है। सहारनपुर निवासी मनीष कुमार जैन कहा वह अपनी गाड़ी की फिटनेस कराने सेंटर पहुंचे तो कर्मचारियों ने उनसे 5 हजार रुपये की मांग की। विरोध करने पर उन्हें कागजों के नाम पर इधर-उधर चक्कर कटवाए गए। पीड़ित ने पूरी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग कर ली।मामले की भनक स्थानीय मीडिया को लगते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद नियमानुसार फिटनेस की प्रक्रिया पूरी कर निर्धारित शुल्क ही लिया गया। फिटनेश सेंटर के गढ़वाल मंडल के रीजनल हेड डॉ. मोहम्मद आवेश ने बताया कि पहले भी इस तरह की शिकायतें मिल चुकी हैं। और वे जांच के लिए मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई कर्मचारी अवैध वसूली में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।बताया जा रहा है कि इससे पहले भी फिटनेस सेंटर के एक सिक्योरिटी गार्ड पर अवैध वसूली के आरोप लगे थे। जिसे पुलिस के हवाले किया गया था। इसके बावजूद वसूली का सिलसिला रुकता नजर नहीं आ रहा। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन की सख्ती के बाद फिटनेस सेंटर पर अवैध वसूली रुकेगी। या फिर कुछ दिन बाद वही पुराना खेल दोबारा शुरू हो जाएगा।
