गौसंरक्षण को नई पहचान, हरिद्वार में आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का CM धामी ने किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री धामी ने सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा हमारी आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। गौसंरक्षण केवल धार्मिक दायित्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में देसी नस्लों के संरक्षण और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी गौशालाओं के आधुनिकीकरण और निराश्रित गोवंश की देखभाल के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को संरक्षण दिया जा रहा है। वहीं, 63 स्थानों पर नई गौशालाओं के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है। बद्री गाय के घी और दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए चमोली में तीन ग्रोथ सेंटर भी संचालित हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि गौपालन को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद और बायोगैस से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा सकता है।

उन्होंने विश्वास जताया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन का अनुकरणीय मॉडल बनेगी।
