15.1 C
Dehradun, IN
November 15, 2026
Home | Uttarakhand Vidhansabha Local and National News in Hindi
उत्तराखण्डदुनियादेशमुख्य समाचारराज्य

मुख्यमंत्री धामी ने गौचर मेले का किया शुभारंभ, ₹37 करोड़ से अधिक की पेयजल योजनाओं की दी सौगात

74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ, ₹36 करोड़ से अधिक की पेयजल योजनाओं की सौगात; सिमली अस्पताल के समाधान को बनेगी कमेटी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चमोली जनपद में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुए सात दिवसीय मेले में मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला महज एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, व्यापारिक परंपराओं और समृद्ध लोक संस्कृति की पहचान है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ यह आयोजन आज औद्योगिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का बड़ा मंच बन चुका है। यह मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, उद्यमियों और महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर देता है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को अपने ही गांव में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। कृषि, बागवानी, पर्यटन, पशुपालन और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर पलायन रोकने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जा रहा है, जिसका कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है।

मुख्यमंत्री ने चमोली के विकास का उल्लेख करते हुए चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को क्षेत्र की कनेक्टिविटी, पर्यटन और आर्थिकी के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित करने और सभी संबंधित पक्षों को सुनने की बात कही। प्रेस क्लब भवन के लिए उपयुक्त भूमि चयनित करने का भी आग्रह किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गौचर और गैरसैंण की पेयजल व्यवस्था को मजबूती देने वाली दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण किया। अमृत 2.0 के अंतर्गत ₹32.45 करोड़ की गौचर नगरीय पेयजल योजना तथा ₹4.59 करोड़ से अधिक की गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से हजारों स्थानीय नागरिकों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।इस दौरान पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ और लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता विकास के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और जनभावनाओं का संरक्षण करना है। गौचर मेले का यह शुभारंभ इसी सोच को आगे बढ़ाने और पहाड़ की अर्थव्यवस्था को नई गति देने का संदेश देता है।

Related posts

24 घंटे से लाइन… फिर भी खाली हाथ! उत्तरकाशी में गैस नहीं, सड़क पर उतर आई जनता

Nidhi Jain

सेटिंग- गेटिंग के आधार पर अधिकारियों को दिया जा रहा सेवा विस्तार: मोर्चा

Uttarakhand Vidhansabha

राफा में इजराइल के नए हमलों से क्या घबरा गए फिलिस्तीनी? जारी किया बंधकों के जिंदा होने का सबूत

Uttarakhand Vidhansabha

Leave a Comment