मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत को ₹165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं से सड़क, पेयजल, जल निकासी, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को विस्तार मिलेगा।मुख्यमंत्री ने टनकपुर और बनबसा में बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ₹86.83 करोड़ की जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताया। इसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में 7.7 किलोमीटर लंबी जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाएगी।

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मां पूर्णागिरि धाम में ₹45 करोड़ की लागत से रोपवे निर्माण कार्य प्रगति पर है। वहीं, टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डा और शारदा कॉरिडोर के प्रथम चरण में ₹107.35 करोड़ के कार्य गतिमान हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि शारदा कॉरिडोर की समग्र परियोजना ₹3,000 करोड़ से अधिक की है। किरोड़ा नाले पर पुल निर्माण के लिए ₹48.38 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।शिक्षा और खेल के क्षेत्र में लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज बनाया जा रहा है। इसके अलावा ₹55.53 करोड़ से साइंस सेंटर और करीब ₹20 करोड़ से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक विकसित किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि बनबसा में ₹502 करोड़ की लैंड पोर्ट परियोजना से व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। सरकार का लक्ष्य चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना और विकास योजनाओं का लाभ सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाना है।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर बने पांच लाभार्थियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाकर उसे आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
