मुख्यमंत्री धामी ने कैंप कार्यालय से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त 2026 की पेंशन का वन-क्लिक के माध्यम से भुगतान किया। इस दौरान 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ 05 लाख रुपये की पेंशन राशि भेजी गई। अगस्त माह में 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई है।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिले।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जिन पात्र लाभार्थियों का आधार किसी कारणवश नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित कर अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए, ताकि आधार संबंधी समस्या के कारण कोई पात्र व्यक्ति पेंशन से वंचित न रहे।अगस्त में स्वीकृत नई पेंशन में 3,945 वृद्धावस्था, 1,000 विधवा और 416 दिव्यांग पेंशन सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं।
